बाराबंकी। शहर के बस स्टेशन से पटेल तिराहा जाने वाले मार्ग पर लगे जाम में फंसे वाहन। फाइल फोटो।
- फोटो : BARABANKI
बाराबंकी। शहर में बेहतर यातायात व्यवस्था संचालन के लिए एसपी ने रणनीति बनाने का काम शुरू किया है। इसके तहत अब भीड़भाड़ वाले प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के साथ जेब्रा लाइन बनाई जाएगी। वहीं ट्रैफिक सिग्नल भी लगेंगे जिससे जाम से निजात मिल सके। इसके साथ ही ट्रैफिक में पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ाने के साथ ही एक इंस्पेक्टर की भी तैनाती की जा रही है।
ट्रैफिक व्यवस्था चाक-चौबंद हो, शहर में लोगों को जाम से न जूझना पड़े, इसके लिए एसपी यमुना प्रसाद ने प्रयास शुरू किया है। उन्होंने जिला प्रशासन के साथ मिलकर शहर में प्रमुख चौराहों नाका सतरिख, देवा तिराहा, रामनगर तिराहा, पुलिस लाइन चौराहा, कचहरी आदि के पास सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना बनाई है। पहले चरण में नाका सतरिख, देवा तिराहा और रामनगर तिराहा पर ये कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा सड़क पर जेब्रा लाइन बनेगी और ट्रैफिक सिग्नल लगेंगे। जिससे पुलिस कर्मी यातायात का अच्छे से संचालन कर सकें।
इसके साथ ही रोडवेज बस व टेम्पो संचालक यदि गलत तरीके से वाहन खड़ा करते हैं तो उन पर कार्रवाई होगी। टैक्सी वाहनों के संचालित होने की एक समय सीमा निर्धारित की गई है। उसी के तहत वह वाहन चल सकेंगे। यदि रोडवेज बसें भी गलत तरीके से सवारी बैठाने के साथ उतारेंगी तो उन पर भी कार्रवाई होगी। एसपी ने बताया कि शहर जाम मुक्त रहे और लोग अच्छे से वाहनों से सफर कर सकें। इसके लिए यह सब प्रयास किए जा रहे हैं। यदि इसमें किसी ने गड़बड़ करने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
65 सिपाही तैनात, इंस्पेक्टर को मिलेगी जिम्मेदारी
शहर में यातायात व्यवस्था का संचालन करने के लिए एसपी ने 65 नए सिपाहियों को तैनाती दी है। इसके साथ ही अब एक टीआई तैनात होगा जिसकी जिम्मेदारी किसी इंस्पेक्टर को मिलेगी। ऐसे में एक इंस्पेक्टर के साथ टीएसआई और चार दरोगा भी तैैनात होंगे। ऐसे में यह पुलिस कर्मी अलग-अलग चौराहों पर तैनात रहकर यातायात व्यवस्था संचालन का जिम्मा संभालेंगे।