बाराबंकी। जिले से गुजरने वाले तीन नेशनल हाईवे पर रविवार रात 12 बजे के बाद से सफर करना मंहगा हो गया है। लखनऊ-अयोध्या व बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर कार जीप वालों को जरूर कुछ राहत मिलेगी मगर बाकी सभी प्रकार के वाहनों के टोल में बढ़ोत्तरी की गई है। इससे वाहन चालकों का सफर 5 से लेकर 20 रुपये तक मंहगा हो जाएगा।
लखनऊ-अयोध्या हाईवे के अहमदपुर टोल प्लाजा पर कार जीप की आवाजाही के रेट नहीं बढ़े है मगर इनका मासिक पास 3,770 रुपये से बढ़ाकर 3,865 रुपये हो गया है। इसी प्रकार अन्य वाहनों के मासिक पास में भी 625 रुपये तक बढ़ोत्तरी हुई है। शहाबपुर टोल प्लाजा के मैनेजर पुष्पेंद्र तिवारी ने बताया कि नए साफ्टवेयर को इंस्टाल कर दिया गया है। नई कीमतें दो जून की रात 12 बजे से प्रभावी हो गई है। लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर भी कार व जीप के टोल में पांच रुपये की वृद्धि हुई है।