बाराबंकी। जिला अस्पताल में लागू की गई टोकन व्यवस्था मरीजों पर भारी पड़ी। मंगलवार को इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को टोकन से लेकर पंजीकरण कराने और डॉक्टर को दिखाने से लेकर दवा लेने तक में काफी परेशानी उठाना पड़ी। दो दिन के अवकाश के बाद संचालित ओपीडी में मंगलवार को मरीजों की भीड़ काफी ज्यादा होने के कारण ही पूरी टोकन व्यवस्था बेपटरी होती दिखी।
जिला अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को करीब 1602 मरीज देखे गए। जिला अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों का विवरण ऑन लॉइन दर्ज हो रहा है। इसके लिए टोकन सिस्टम लागू किया गया है। इसके तहत मरीज को पहले टोकन लेने के बाद ही पंजीकरण कक्ष पर जाकर रजिस्ट्रेशन कराना होता है। इसके बाद ही ओपीडी में उसे चिकित्सक देखेंगे। नई व्यवस्था से अस्पताल पहुंचे मरीजों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। टोकन लेकर रजिस्ट्रेशन कराने पहुंचे मरीजों को पसीना छूट गया।
रामपाल, गिरधारी, गोपाल, हरिनाम, धर्मराज, सर्वेश आदि ने बताया कि नौ बजे आ गया था तीन घंटे से लाइन में लगा हुआ है और अभी तक पर्चा नहीं बन सका। पंजीकरण काउंटर पर मौजूद कर्मियों ने बताया कि नेटवर्क काफी स्लो चल रहा है और बीच-बीच नेट कार्य करना भी बंद कर दे रहा है जिससे काफी दिक्कतें आ रही है। इसकी वजह से भीड़ बढ़ी है। इस दौरान अस्पताल आए मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना। चिकित्सक को दिखाने से लेकर दवा लेने तक में मरीजों को पसीना छूट गया।
टोकन सिस्टम से मरीजों को ही लाभ होगा क्योंकि इसके बाद पंजीकरण कराने से उनका पूरा विवरण ऑन लाॅइन हो जाएगा। इसके बाद वह किसी भी सरकारी अस्पताल में अपना इलाज आसानी से करा सकेंगे। व्यवस्था में उजागर खामियों को जल्दी बेहतर बनाया जाएगा।
डॉ. राजेश कुशवाहा, चिकित्सा अधीक्षक, जिला अस्पताल