बाराबंकी। लखनऊ के राजधानी बिल्डर के मालिक की मुसीबत बढ़ती जा रही है। गैंगस्टर के मामले में बाराबंकी पुलिस अब याजदानी परिवार के सदस्यों और कंपनी के नाम बनाई गई अकूत संपत्ति की जांच कर अपराध से अर्जित संपत्ति चिन्हित कर रही है। पुलिस गैंगस्टर के तहत ही इन संपत्तियों को जब्त करने के लिए कुर्की की कार्रवाई करेगी।
जनवरी 2023 में लखनऊ के हजरतगंज स्थित अलाया अपार्टमेंट ढहने से तीन लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में बिल्डर फहद यजदानी के खिलाफ थाना हजरतगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था। हजरतगंज पुलिस ने फहद याजदानी को नैनीताल के भुवाली से गिरफ्तार किया था। जमानत मिलने के बाद आरोपी सात महीने से फरार था। जमीन की खरीद फरोख्त के मामले में बाराबंकी की शहर कोतवाली में भी एक मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद गैंगस्टर लगा। आरोपी बिल्डर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर रविकांत शुक्ल से भी 71 लाख रुपये की ठगी की की थी। पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।
बीती 29 जुलाई को ही शहर कोतवाली पुलिस ने अपने गैंगस्टर के मुकदमे में फहद को गिरफ्तार किया था। शहर कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस लखनऊ के डॉलीबाग निवासी सायम याजदानी, इनकी पत्नी समायरा, जहांआरा याजदानी, फहद याजदानी और इनकी पत्नी शिरीन के साथ एआर बिल्डर्स और महाराजगंज जिले के निवासी शराफत अली की लखनऊ में सभी संपत्तियां खंगाल रही है। पुलिस ने लखनऊ सदर के उप निबंधक कार्यालय को रिपोर्ट भेजते हुए इन सभी के नाम दर्ज भू संपत्तियों का ब्योरा मांगा है।