बाराबंकी। सफेेदाबाद रेलवे स्टेशन के पास कथित टाइम बम मिलने की घटना की जांच गहनता से हो रही है। लैब से आई रिपोट में साबित हो गया है कि इन्हें बनाने में चार प्रकार के रसायनों का प्रयोग किया गया था। हालांकि ये रसायन विस्फोटक हैं या नहीं, इसकी जांच कराने के लिए एसपी ने विधि विज्ञान प्रयोगशाला को रिपोर्ट भेजी है। इसके आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी।
सतरिख थाना क्षेत्र में बीते 8 अप्रैल को सफेदाबाद रेलवे-स्टेशन से करीब 300 मीटर दूरी पर चार कथित टाइम बम मिले थे। नित्यक्रिया के लिए निकले ग्रामीणों की सूचना पर सबसे पहले पीआरवी मौके पर पहुंची थी। टिक-टिक की आवाज आने के कारण इन्हें टाइम बम बताया गया था। इसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया।
मौके पर पहुंचे बम निरोधक दस्ते ने दो घंटे की मशक्कत के बाद बमों को डिफ्यूज किया था। एटीएस ने भी मौके पर पहुंचकर पड़ताल की थी तो शाम को एडीजी जोन भी मौके पर पहुंचे थे। बम जैसे दिखने वाले चार चीजों के साथ टाइमर भी मिला था। इन सभी को सील करके जांच के लिए आगरा लैब भेजा गया था।
अब उस लैब से जो रिपोर्ट आई है, उसके अनुसार कथित टाइम बम बनाने में चार प्रकार के रसायनों का प्रयोग किया गया था। लेकिन, ये रसायन विस्फोटक है या नहीं, इसकी जांच होना अभी बाकी है। एसपी अनुुुराग वत्स ने बताया कि लैब से आई रिपोर्ट के आधार पर इन रसायनों की जांच कराई जा रही है। मामले में लगातार छानबीन की जा रही है।