बाराबंकी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसके साथ ही जिले में चिह्नित साढ़े तीन लाख से अधिक डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन का काम चल रहा है। इस क्रम में अब तक करीब सवा लाख मतदाताओं के सत्यापन का कार्य पूरा कर लिया गया है। उनके डेटा फीडिंग का काम तेजी से कराया जा रहा है।
चुनाव आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची के अनुसार, जिले में तीन लाख 76 हजार डुप्लीकेट मतदाता चिह्नित किए गए। इनका सत्यापन बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से कराने का कार्य शुरू किया गया। अब तक सवा लाख से अधिक मतदाताओं के सत्यापन का कार्य पूरा हो चुका है।
शेष करीब ढाई लाख डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन का कार्य तहसील स्तर पर कराया जा रहा है। इस प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश प्रशासन की ओर से सभी एसडीएम को दिए गए हैं। अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह ने बताया कि जिन मतदाताओं के सत्यापन का कार्य हो चुका है, उनकी डेटा फीडिंग का कार्य संबंधित वेंडर के माध्यम से कराया जा रहा है।