बाराबंकी जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती तेज बुखार से पीड़ित गीता शुक्ला। संवाद
बाराबंकी। डेंगू और तेज बुखार का प्रकोप थम नहीं रहा है। सोमवार को डेंगू के तीन और मरीज मिलने व जांच में पुष्टि होने पर परिजनों ने अलग-अलग स्थानों पर भर्ती कराया। इस तरह जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 56 हो गई है।
रामसेनहीघाट में अपने रिश्तेदार के घर आई अयोध्या के बसौढी निवासी गीता को तेज बुखार व डेंगू जैसे लक्षण दिखने पर सोमवार को जिला अस्पताल की इमरजेंसी लाया गया। वहां पर चिकित्सकों द्वारा कराई गई रैपिड कार्ड जांच में डेंगू की पुष्टि होने पर डेंगू वार्ड में भर्ती करा दिया गया। इनका ब्लड सैंपल लेकर एलाइजा जांच के लिए भेजा गया।
इसके अलावा सूरतगंज के अमेरा निवासी रामफल व हरद्वारी भी पिछले कई दिनों से तेज बुखार से पीड़ित हैं। परिजन सीएचसी सूरतगंज ले गए जहां पर चिकित्सकों द्वारा कराई गई रैपिड कार्ड जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद परिजनों ने दोनों को अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती करा दिया।
एसीएमओ डॉ. डीके श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में तीन नए मरीज डेंगू के मिले हैं, इनकी एलाइजा जांच कराई जा रही है। जिले में डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 56 हो गई है। उधर जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को 1452 मरीज देखे गए। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुशवाहा ने बताया कि सबसे ज्यादा मरीज तेज बुखार के आ रहे हैं।