जिले में हुए सड़क हादसों में मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। फतेहपुर में युवक और मासूम को वाहन ने रौंद दिया तो त्रिवेदीगंज में एक वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई।
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के नालापार उत्तरी निवासी अमित कुमार जायसवाल (40) पुत्र राधे गोबिंद अपने भाई विनय कुमार (32) की डायलेसिस कराने बाइक से लखनऊ केजीएमयू जा रहा था। शहर कोतवाली क्षेत्र के कुरौली के पास उसे एक वाहन ने ठोकर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां विनय की मौत हो गई।
वहीं फतेहपुर कोतवाली के ग्राम झांसापुरवा निवासी ज्ञानेंद्र की 10 वर्षीय पुत्री व कक्षा दो की छात्रा आयुषी शुक्रवार की देर शाम गांव के पास सड़क पार कर रही थी। उसी समय एक वैन जिसमें तीन लोग सवार थे, मासूम को ठोकर मारने के बाद अनियंत्रित हो सड़क के किनारे पलट गई। हादसे में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीर उसे सीएचसी फतेहपुर ले जा रहे थेे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसी बीच मौका पाकर वैन सवार भाग गए।
त्रिवेदीगंज प्रतिनिधि के अनुसार बाइक सवार दो युवकों को सुल्तानपुर मार्ग पर एक कार ने ठोकर मार दी। जिसमें लोनीकटरा थाना क्षेत्र के ग्राम ककरी निवासी सहजराम (30) पुत्र रामदेव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका साथी सुरेश (32) पुत्र बब्लू गौतम गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे सीएचसी त्रिवेदीगंज से लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। दोनों बाइक से बाराबंकी किसी काम से जा रहे थे। इसके अलावा असेनी मोड़, बदोंसराज, मसौली और त्रिवेदीगंज मेें हुए सड़क हादसों में छह लोग घायल हो गए हैं जिन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।