सफदरगंज/ मसौली/ बेलहरा (बाराबंकी)। जिले के अलग- अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल व ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे की सूचना से मृतकों के घरों में कोहराम मचा है।
पहला हादसा शनिवार की देर रात सफदरगंज- बदोसरायं मार्ग पर कल्याणी नदी के पुल के पास हुआ। सफ़दरगंज थाना क्षेत्र के गद्दीनपुरवा मजरे सैदनपुर गांव निवासी ब्रजेश कुमार अपने भाई मुकेश के साथ ट्रैक्टर ट्रॉली से अकबरपुर निवासी मुनीर का आलू लेकर सफ़दरगंज स्थित कोल्ड स्टोरेज पर जा रहे थे। नदी के पुल के समीप ट्राली का पहिया पंचर हो गया। जिस पर सड़क किनारे ट्रैक्टर- ट्राली को खड़ी कर दोनों भाई पहिया बदलने लगे।
इसी दौरान तेज रफ्तार माल वाहन ने ट्राली में टक्कर मार दी। जिससे ब्रजेश व मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल भेजवाया। जहां पर चिकित्सकों ने ब्रजेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर घायल मुकेश को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। एसओ अभिषेक कुमार तिवारी ने बताया कि मृतक की पत्नी पिंका की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
दूसरा हादसा बाराबंकी- बहराइच हाईवे पर मसौली थाने से सौ मीटर दूर बड़ागांव मोड के पास रविवार की सुबह हुआ। एक तेज रफ्तार लग्जरी कार ने दो बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में थाना क्षेत्र के देवकलिया निवासी सतेन्द्र कुमार व सफदरजंग थाना क्षेत्र के रामपुर कटरा गांव निवासी नावेद गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को लेकर जिला अस्पताल आ रही थी। इसी दौरान रास्ते में नावेद (28) की मौत हो गई। जबकि जिला अस्पताल में भर्ती सत्येंद्र का इलाज किया जा रहा है।
मोहम्मदपुर खाला थाने की बेलहरा चौकी क्षेत्र के लच्छीपुर निवासी रिंकू यादव (30) देर रात अपने भाई को लेने बाइक से फतेहपुर जा रहा था। इसी दौरान एक धर्मकांटा के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर एक ट्रीगार्ड से टकरा गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिवारीजनों को सूचना देने के साथ घायल रिंकू को एंबुलेंस से सीएचसी फतेहपुर भेजा। जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल भेजा। जिसे लेकर परिवारीजन अस्पताल जा रहे थे कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।