बाराबंकी। झोलाछाप के इलाज से एक व्यक्ति की जान चली गई। मौत की जानकारी मिलते ही परिवारीजनों ने हंगामा शुरू कर दिया तो झोलाछाप दुकान बंद कर भाग खड़ा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जानकारी मिलते ही सीएमओ ने पूरे मामले की जांच के आदेश एसीएमओ को दिए हैं।
देवा थाना क्षेत्र के सलारपुर निवासी पन्नालाल (45) ने हाइड्रासील के आपरेशन के लिए मुजीबपुर रसीदपुर के झोलाछाप रामसागर रावत से संपर्क किया। मृतक के भाई संजय ने आरोप लगाते हुए बताया कि झोलाछाप ने आपरेशन के लिए रविवार को बुलाया था। जिस पर हम लोग पन्ना को लेकर सुबह ही क्लीनिक पर पहुंच गए। झोलाछाप ने बेहोशी की दवा दी और इसके बाद आपरेशन करने के लिए लेकर चला गया।
कुछ देर बाद ही बताया कि पन्ना की आपरेशन के दौरान ही मौत हो गई। यह सुनते ही परिवारीजनों के होश उड़ गए और उपचार में लापरवाही का आरोप लगा इन लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख झोलाछाप क्लीनिक में ताला डाल मौके से भाग खड़ा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। एसओ अजय कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ डॉ. रामजी वर्मा ने बताया कि देवा क्षेत्र के सलारपुर निवासी एक व्यक्ति की झोलाछाप के इलाज से मौत की जानकारी मिली है। पूरे मामले की जांच एसीएमओ चिकित्सा एवं पंजीयन को सौंप दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।