बाराबंकी। पंचायत चुनाव के दौरान आशंकित हिंसा को रोकने को सर्तक जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन थानाक्षेत्रों में संचालित अवैध असलहा बना कर बेचने का भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई में 26 असलहे बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने दी।
उन्होंने बताया कि बड्डूपुर थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह, नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह व दरियाबाद के प्रभारी निरीक्षक सुमित श्रीवास्तव की संयुक्त टीम पंचायत चुनाव के दृष्टिगत जांच अभियान चला रही थी। इस दौरान बड्डूपुर पुलिस ने अनिल कुमार निवासी गौसापुर मजरे कतुरीकला और कोतवाली नगर पुलिस ने साहबदीन निवासी धरसनिया तथा दरियाबाद पुलिस ने साकिर अली निवासी नगरा थाना पटरंगा अयोध्या को गिरफ्तार किया।
एसपी के मुताबिक पकड़े गए बदमाश चोरी-छिपे स्थान बदल-बदलकर अवैध शस्त्रों का निर्माण करते थे। ग्राहक मिलने पर ढ़ाई से तीन हजार में असलहा बेच दिया जाता था। तीनों आरोपियों के खिलाफ बाराबंकी सहित अन्य जिलों में भी कई मुकदमें दर्ज हैं। इस मौके पर एएसपी उत्तरी अवधेश कुमार व एएसपी दक्षिणी मनोज कुमार पांडेय भी मौजूद रहे।