त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। बेखौफ चोरों ने शनिवार की रात जलालपुर गांव में जमकर उत्पात मचाया। एक के बाद एक कर चार घरों को निशाना बनाकर करीब 16 लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के आभूषण, नकदी व मेंथा आयल चोरी कर ले गए। सुबह परिवारीजनों को जानकारी हुई तो घर में महिलाओं ने चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। जिसकी सूचना पर पुलिस जांच करने पहुंची।
चोरी की यह वारदातें लोनीकटरा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में हुई। शनिवार की रात को दुर्गेश के घर में बाहर बने शौचालय से छत के रास्ते घर में पहुंचे। उसके बाद कमरे में रखे बक्से, अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब डेढ़ किलो चांदी व पांच तोला सोने के आभूषण, 25 हजार रुपये का कीमती सामान चोरी कर ले गए। परिवारीजनों के साथ दूसरे कमरे में सोये दुर्गेश को भनक तक नहीं लगी।
इसके बाद चोरों ने पड़ोसी महेश वर्मा व राजू वर्मा के घर में धावा बोला। इन दोनों घरों से चोर ढांई किलो चांदी व 12 तोला सोने के गहने, बीस हजार रुपए की नकदी व व पचास किलो मेंथा आयल चोरी कर ले गए। फिर चोरों ने इसी गांव के साहेब बरदान सिंह के घर को अपना निशाना बनाया। यहां घर में घुसे चोर बक्से व अलमारी का ताला तोड़कर एक किलो चांदी व पांच तोला सोने के आभूषण के गहने व पांच हजार रुपये की नकदी चोर उठा ले गए।
रविवार की भोर परिवारीजन जगे तो घर में बिखरा सामान, टूटे ताले व कीमती आभूषण व नकदी गायब होने पर चीख पुकार मच गई। जिसी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच कर वापस लौट गई। इतनी बड़ी घटना के बाद डॉग स्क्वायड व फिंगर प्रिंट तक लेने की जरूरत नहीं समझी। प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रसाद यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। 45 हजार रुपये व मेंथा आयल चोरी हुआ है। आभूषण की सूची बाद में देने की बात पीड़ितों ने कही है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
तीन मंदिरों से घंटा चोरी
थाना क्षेत्र के दो गांव में मंदिरों पर बंधे घंटे शनिवार की रात चोरी हो गए। सुबह घंटे चोरी होने की जानकारी पर ग्रामीणों ने पुलिस से शिकायत की। रविवार को थाना क्षेत्र के जानीपुर गांव निवासी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस से शिकायत की उसके घर के पास शिव जी का मंदिर है। जिसमें टंगा पांच किलो वजन का घंटा शनिवार की रात चोरी हो गया। वहीं गहा गांव में स्थित दुर्गा माता मंदिर व शिव मंदिर से भी घंटे चोरी हो गए। सुबह लोग पूजा-पाठ करने पहुंचे तो इसकी जानकारी हुई।
हैदरगढ़ कोतवाली के सुजारा गांव में शनिवार की रात साहब सरन लोधी के घर में घुसे चोर कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर करीब पांच हजार रुपये की नकदी व 50 हजार रुपये कीमत के आभूषण चोरी कर ले गए। जिसकी शिकायत साहब सरन ने कोतवाली में तहरीर देकर की है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।