बाराबंकी। जिले में स्थित दो प्रमुख पौराणिक स्थल लोधेश्वर महादेवा और हेतमापुर धाम को जोड़ने वाली 13 किमी सड़क के चौड़ीकरण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। शासन ने 44 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से सात मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करते हुए 15 करोड़ 70 लाख रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी है।
आजादी के बाद तराई क्षेत्र में इन दोनों स्थलों को जोड़ने वाली ऐसी सड़क पहली बार बनेगी जिससे न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा होगी बल्कि आसपास के 80 गांवों को भी सीधा लाभ मिलेगा। जिला मुख्यालय तक का सफर आसान होगा।
वर्तमान में सूरतगंज पुलिस चौकी से हेतमापुर धाम तक की लगभग 13 किलोमीटर लंबी सड़क जर्जर अवस्था में है और इसकी चौड़ाई मात्र साढ़े तीन मीटर है। इस संकरी सड़क पर दो भारी वाहनों के आमने-सामने आने पर निकलना मुश्किल हो जाता है जिससे अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
दिवाली के अवसर पर हेतमापुर में एकनामी पंथ के प्रवर्तक बाबा नारायण दास के समाधिस्थल पर वार्षिक मेले में दूर-दूर से श्रद्धालु आते हैं, वहीं इसी सड़क से पौराणिक तीर्थ स्थल श्री लोधेश्वर महादेवा में हर साल लाखों श्रद्धालु भी पहुंचते हैं।
लालपुर, बतनेरा, अवसेरीपुर, वल्लोपुर, करौता व बभनेवा जैसे गांवों के लोग वर्षों से इस सड़क के पुनर्निर्माण की मांग कर रहे थे। लोगों का कहना है कि इसी मार्ग से कंवड़िये निकलते हैं तो हादसे का भय रहता है।
इस सड़क के चौड़ीकरण से तराई क्षेत्र में राहत सामग्री पहुंचाने में भी आसानी होगी और आसपास के गांवों के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा भी मिलेगी। साथ ही, श्रद्धालुओं की यात्रा भी सुगम और सुरक्षित होगी।
टेंडर प्रक्रिया शुरू
इस सड़क के निर्माण को लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सड़क करीब सात मीटर चौड़ी होगी, दोनों किनारो पर फुटपाथ बनाए जाएंगे। दुर्घटना बहुल जगह पर भी इंतजाम किए जाएंगे।
-राजीव कुमार राय, अधिशाषी अभियंता