बाराबंकी। बहराइच हाईवे पर डायवर्जन में सख्ती से सोमवार को पूरा शहर जाम से कराह उठा। ट्रक जैसे भारी वाहनों के साथ ही ई-रिक्शा और कांवड़ियों के जत्थों के साथ बेतरतीब से दौड़ते ईरिक्शा के कारण शहर की यातायात व्यवस्था दिन भर चौपट रहने से लगे जाम ने छोटे बड़े सभी को रुलाया। अयोध्या मार्ग पर चौपुला व रामनगर तिराहे पर पुलिस कर्मी तो डटे रहे पर शहर के अंदर के हालात पर पुलिस प्रशासन के जिम्मेदारों का कोई ध्यान न देना शहरवासियों पर भारी पड़ा।
मुख्य चौराहों पर वाहन रेंगते नजर आए, वहीं एंबुलेंस तक जाम में फंसी रहीं। शहर में भारी वाहन, ई-रिक्शा और कांवड़ियों के जत्थे ने स्थिति को और जटिल बना दिया। एक के बाद एक कांवड़ियों की टोलियां लोधेश्वर महादेव जाने के लिए हाईवे से होते हुए शहर की ओर बढ़ने लगी, जिससे हालात और खराब हो गए। इस दौरान जल्दबाजी में लोग दूसरे मार्ग पर या गलत दिशा में भी चलने लगे। इससे दोनों ओर जाम लग गया। यातायात पुलिस कर्मी वाहनों की भीड़ को नियंत्रित करने में असफल दिखे।
लखनऊ-अयोध्या हाईवे स्थित चौपुला चौराहे पर रामनगर, बहराइच और गोंडा की ओर जाने वाले सभी वाहनों को रोक दिया गया था। इस कारण वाहन दोबारा शहर में आए। देवा रोड के रास्ते लोगोें ने अपने वाहन निकालने की कोशिश की। इससे शहर के पटेल चौराहा, नाका चौराहा, देवा रोड, बस स्टेशन, पलहरी चौराहा सहित सभी प्रमुख चौराहों पर जाम की स्थिति बन गई।