जंहागीराबाद (बाराबंकी)। इलाके में लगातार दूसरे दिन चोरों का आतंक जारी रहा। शुक्रवार रात छत के रास्ते चढ़कर दो घरों को निशाना बनाकर चोरों ने हजारों का माल पार कर दिया। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र में सुस्त पुलिसिंग से जहां चोर सक्रिय है वहीं लोग इससे आक्रोशित है।
थाना जंहागीराबाद इलाके की बहादुरपुर मजरे नई बस्ती गांव के निवासी अब्दुल खालिक ने बताया कि घर की क्षत डलवाने के लिए 40 हजार रुपये रखे थे। करीब 50 हजार के जेवर भी थे। इनके घर शुक्रवार रात पहुंचे चोर सब सामान उठा ले गए। पीड़ित ने बताया कि कुल करीब 90 हजार का नुकसान हुआ। इसी गांव में दूसरी घटना खलील के यहां हुई है।
यहां से चोर पांच हजार नकद व जेवर मिलाकर करीब 40 हजार का सामान चुरा ले गए। दोनों घरों में एक लाख 30 हजार का नुकसान हुआ। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में कभी पुलिस गश्त पर नहीं आती। जब गांव में घटना होती है तब ही पुलिस आती है। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों पीड़ित बहुत गरीब हैं। मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करते हैं। एसओ दर्शन यादव ने जांच कर घटनाओं का खुलासा करने की बात कही है।