बाराबंकी। शहर के मुख्य बाजार में स्थित मनकामेश्वर मंदिर से शिवलिंग का चांदी व तांबे का कीमती अरघा चोरी हो गया। पुलिस पिकेट के करीब बेखौफ चोरों की चुनौती ने जहां पुलिस की चौकसी की पोल खोली। वहीं मुख्य बाजार में मार्ग के किनारे स्थित मंदिर से हुई चोरी से व्यापारी काफी सहमे हुए हैं।
नगर कोतवाली क्षेत्र में धनोखर से घंटाघर जाने वाले मार्ग पर स्थित आर्य समाज मंदिर के बगल मनकामेश्वर महादेव का मंदिर है। यहां भूत भावन भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग का अरघा चांदी व तांबे का था। रविवार की रात चोर शिवलिंग का अरघा चोरी कर ले गए, जबकि मुख्य बाजार में स्थित दो सौ मीटर की दूरी पर पुलिस की दो पिकेट की ड्यूटी लगती है।
एक धनोखर चौराहा तो दूसरी सर्राफा बाजार में। यहां से एक तरफ पांच सौ मीटर पर सिटी पुलिस चौकी व दूसरी ओर नगर कोतवाली है। सुबह इसकी सूचना पर व्यापारियों का जमावड़ा लग गया। सूचना पर सिटी चौकी व नगर कोतवाली की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची।
डॉग स्क्वायड, फिंगर प्रिंट के साथ क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर जांच की। मंदिर में पूजा करने वाले एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह ने बताया कि मंदिर में चोरी की घटना की सूचना पर डॉग स्क्वायड, फिंगर प्रिंट के साथ क्राइम ब्रांच की टीम बुलाई गई है। जल्द ही घटना का खुुलासा किया जाएगा।