जैदपुर (बाराबंकी)। जैदपुर थाना क्षेत्र के गोठिया गांव में एक मकान का ताला तोड़कर चोर भीतर रखे लाखों के गहने चोरी कर ले गए। इसकी तहरीर पीड़ित ने जैदपुर थाने में दी। वहीं दिनदहाड़े बीच गांव में हुई वारदात को लेकर ग्रामीणों में दहशत है।
गांव निवासी कैयूम ने तहरीर में बताया कि बीच गांव में उसका मकान है। शुक्रवार सुबह वह दूसरे गांव में रहने वाले भाई के यहां गया था। जबकि पत्नी कई दिनों पहले ही रिश्तेदारी में गई थी। ऐसे में घर में ताला बंद था। शाम चार बजे जब वह घर लौटा तो कमरे व अलमारी का ताला टूटा और सामान बिखरा पड़ा था। आंगन में एक लोहे की सरिया पड़ी हुई थी।
इसके बाद अलमारी में देखा तो उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। जिसे देख वह गश खाकर गिर गया। होश आने के बाद उसने थाने में पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी जिसमें उसने बताया कि उसके घर से तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण आदि चोरी हो गए हैं। प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार राय का कहना है कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली थी। अगर, मिलती तो कार्रवाई की जाएगी।