घुंघटेर (बाराबंकी)। घुंघटेर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात दो घरों में छत के रास्ते घुसे चोर मेंथा आयल, नकदी व आभूषण समेत साढ़े चार लाख रुपये का माल चुरा ले गए। सुबह घर में बिखरा पड़ा सामान देख किसान परेशान हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी। मगर, मामले को दबाने में जुटी पुलिस ने देर शाम तक चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। वहीं एक रात में ही दो घरों में चोरी को लेकर ग्रामीण काफी सहमे हैं।
ठंड के दस्तक देते चोरी की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। सक्रिय हुए चोर बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे पुलिस की रात्रि गश्त की पोल खोल रहे हैं। घुंघटेर क्षेत्र के रैगवा मजरे रसूलपुर गांव में रात को चोरों ने दो किसानों के घरों पर धावा बोला। किसान रामलखन के घर में छत के सहारे घुसे चोर कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर एक लाख रुपये की नकदी, गहने 40 किलो मेंथा ऑयल चोरी कर ले गए।
इसके बाद चोरों ने किसान कमलेश के घर में घुसकर यहां भी बक्से में रखी पांच हजार रुपये की नकदी, आभूषण, 65 किलो मेंथा ऑयल समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। खेतों में काम करने के बाद थकेहारे किसान व उनके परिजन बेसुध होकर घर में सोए ही रहे। बुधवार की भोर जब जगे तो घर में बिखरा पड़ा सामान और नकदी-आभूषण गायब देखकर परेशान हो गए।
घर की महिलाएं रोने-बिलखने लगीं। पीड़ित किसानों ने वारदात की सूचना थाने पहुंचकर पुलिस को दी। मगर, मामले को दबाने में जुटी पुलिस ने देर शाम तक चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि चोरी की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है।