लालगंज। क्षेत्र के पूरे रामगुलाम मजरे मदुरी गांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो कई दिन पुराना बताया जा रहा है। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस के अनुसार, यह घटना छह दिसंबर की रात की है। गांव निवासी मोहित की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद और चार पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
मोहित ने बताया था कि वह धनाभाद गांव से घर लौट रहा था। गांव के रास्ते में आगे चल रहे ट्रैक्टर ने साइड नहीं दी। किसी तरह ओवरटेक करने पर आरोपी ट्रैक्टर चालक देवेंद्र ने उसे कुचलने की कोशिश की। जब वह जान बचाकर भागा तो आरोपी देवेंद्र, दीपक, गुड्डू श्रीपाल राजेंद्र व धीरेंद्र अपने चार-पांच अज्ञात साथियों के साथ लाठी डंडों और बंदूक लेकर घर पहुंच गए और उसके साथ मारपीट की। मारपीट में उसके भाई रोहित और पंकज व बहन प्रीति को चोटें आई हैं। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो कई दिन पुराना हो सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।