बाराबंकी। देवा कोतवाली क्षेत्र की एक युवती को बहला-फुसलाकर मुंबई ले जाकर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश के मामले में सोमवार को अदालत में युवती का बयान दर्ज कराया गया। पुलिस इसके आधार पर अब आगे की विवेचना तय करेगी।
करीब एक सप्ताह पहले युवती के भाई ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि शानू नामक युवक अपने साथियों संग उसकी बहन को मुंबई ले गया, जहां उस पर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाया गया। धर्मांतरण से इंकार करने पर युवती को खाड़ी देश भेजने की धमकी भी दी गई थी।
चार दिन पहले पुलिस युवती को मुंबई से बरामद कर बाराबंकी लेकर आई थी। पुलिस द्वारा इस मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। युवती का चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया है। सीओ सिटी हर्षित चौहान ने बताया कि मंगलवार को युवती के बयान का अध्ययन कर आगे की कार्रवाई तय होगी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस युवती की सुरक्षा को लेकर भी पूरी तरह से मुस्तैद है। (संवाद)