बलरामपुर। परिषदीय स्कूलों में बजट न होने से व्याप्त संसाधनों की कमी अब दूर होगी। शासन ने स्कूलों में संसाधनों की उपलब्धता के लिए तय कंपोजिट ग्रांट की 50 फीसदी बजट राशि जारी कर दी है। इससे जिले में संचालित 1,804 स्कूलों को 4.17 करोड़ की धनराशि मिलेगी।
बीते साल दिसंबर में कंपोजिट ग्रांट की मद में 8.35 करोड़ रुपये के बजट की मंजूरी हुई थी। दो माह के इंतजार के बाद शासन ने इसमें से 4.17 करोड़ रुपये की बजट राशि स्कूलों के लिए जारी कर दी है। तीन दिनों में यह राशि स्कूलों को मिल जाएगी। बजट से स्कूलों को संवारने के साथ ही टैबलेट की खरीद भी आसानी से हो सकेगी। प्रत्येक स्कूल को दो-दो टैबलेट मिलेंगे।
पहली अप्रैल से स्कूलों में रियल टाइम उपस्थिति की प्रक्रिया भी शुरू होनी है। प्राप्त बजट राशि से टैबलेट के साथ ही प्रत्येक के लिए एक नया सिम व इंटरनेट कनेक्टिविटी के लिए 1,500 रुपये की दर से तीन हजार रुपये तक स्कूल के प्रधानाध्यापक खर्च कर सकेंगे। बजट न मिलने से यह प्रक्रिया भी रुकी थी।
बजट से टैबलेट संचालन पर खर्च के साथ ही हैंडपंप व सबमर्सिबल के पास पक्का प्लेटफाॅर्म के साथ ही सोख्ता गड्ढे का निर्माण भी हो सकेगा। रसोईघर में बर्तनों की साफ-सफाई के लिए जलापूर्ति व जलनिकासी की व्यवस्था भी की जाएगी। निर्गत बजट राशि से फर्स्ट एड बाॅक्स में एक्सपायर दवाओं को नष्ट कर नई दवाओं की व्यवस्था करने के लिए भी निर्देशित किया गया है।
रोशनी के लिए ट्यूबलाइट के साथ एलईडी बल्ब व जूनियर हाईस्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा और प्रयोगशाला से संबंधित सामग्री जुटाई जाएगी। इसके साथ ही जिन 261 स्कूलों को 75 हजार से अधिक की बजट राशि मिली है, वहां की टाइल्स की मरम्मत भी कराई जाएगी। रंगाई-प़ुताई के साथ कक्षा-कक्षों के सुरक्षात्मक कार्य होना है। 50 फीसदी धनराशि का उपभोग करने के बाद अवशेष जारी फिर जारी होगी।
कंपोजिट मद में जारी 50 फीसदी बजट राशि छात्र संख्या के हिसाब से स्कूलों को दी जाएगी। इसमें 14 स्कूलों को 5 हजार की दर से 70 हजार रुपये मिलेंगे। इसी तरह 505 स्कूलों को 12500 रुपये की दर से से 63.12 लाख रुपये, 1024 स्कूलों को 25 हजार की दर से 2.56 करोड़ रुपये व 261 स्कूलों को 97.87 लाख रुपये की बजट राशि जारी होगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कल्पना देवी ने बताया कि परिषदीय स्कूलों के लिए कंपोजिट ग्रांट की 50 फीसदी बजट राशि आवंटित हुई है। नियमानुसार इसे सभी स्कूलों के खाते में संसाधनों की खरीद इत्यादि के लिए भेजा जाएगा।