बाराबंकी। ज्ञानवापी प्रकरण में अदालत के आदेश के बाद शुक्रवार को जिले में हाईअलर्ट रहा। जुमे का दिन होने के कारण शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस के साथ पीएसी तैनात रही। पुलिस धर्मगुरुओं से संपर्क कर कानून व्यवस्था में सहयोग करने की अपील करती रही। शहर में संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस बल ने शहर मेें पैदल मार्च भी किया।
ज्ञानवापी परिसर स्थित व्यास जी के तहखाने में पूजा कराने के निचली अदालत के आदेश के बाद पुलिस सतर्क हो गई। डीजीपी के निर्देश के बाद बृहस्पतिवार रात को ही पुलिस सतर्क हो गई। जुमे के दिन होने के कारण शहर में पीरबटावन, बंकी, मोहल्ला गुलिस्ताने शेर, नबीगंज समेत कई जगहों पर शुक्रवार को एक प्लाटून पीएसी तैनात कर दी गई। सीओ सिटी डॉ. बीनू सिंह ने शहर का भ्रमण किया।
कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने शहर की मुख्य सड़कों पर पुलिस बल के साथ मार्च कर सुरक्षा का अहसास दिलाया। रामनगर के सीओ आलोक पाठक व एसएचओ मसौली अरुण प्रताप सिंह ने शुक्रवार शाम पुलिस बल के साथ बाराबंकी, बहराइच हाईवे पर स्थित मसौली चौराहे पर फ्लैग मार्च किया। ढाबा संचालकों से लेकर राहगीरों तक से कानून व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म पर सतर्कता से नजर रखी जा रही है।