टिकैतनगर/कोटवाधाम। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और नेपाल के बैराजों से लगातार पानी छोड़े जाने के सरयू नदी का जलस्तर घटने के बाद फिर बढ़ गया। सोमवार को खतरे के निशान से 10 सेमी नीचे पहुंची नदी बैराजों से करीब 2.63 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से पांच सेमी ऊपर आ गई। रामसनेहीघाट के कोयलावर व गुनौली गांव की झोपड़ियों में पानी घुस गया। रास्ते डूब गए। खेत जलमग्न हो गए। शाम छह बजे जलस्तर 106.020 मीटर दर्ज किया गया।
सरयू नदी का पानी उफनाकर कोयलावर, ढेमा, गुनौली और किठूरी गांवों में फैल गया है। कई स्थानों पर पानी आबादी तक पहुंच चुका है जबकि निचले इलाकों के घरों के आसपास जलभराव होने से लोगों के सामने रोजमर्रा का जीवन संकट में पड़ गया है। इन गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों पर पानी भर जाने से आवाजाही प्रभावित हो गई है। कई ग्रामीणों को नाव या वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है। खेतों में खड़ी फसलें पानी में डूबने लगी हैं। कोयलावर में बाढ़ के बढ़ते खतरे को देखते हुए ग्रामीण घरों का जरूरी सामान व मवेशियों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाते दिखे।
उधर, सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्र के कहरनपुरवा, सनावा, तेलवारी, गोबरहा और भैरवकोल गांवों के पास नदी का बहाव पहुंच गया है। वहीं टेपरा और सनावा गांव के बीच कृषि भूमि कट रही है। एसडीएम सिरौलीगौसपुर अनिल कुमार सरोज ने बताया कि नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी पर लगातार नजर रखी जा रही है।