बाराबंकी के छाया चौराहा पर रविवार को पाइप लाइन फटने के बाद भरा पानी।
- फोटो : अमर उजाला
शहर में पीडब्लूडी कार्यालय के पास नगर पालिका की पेयजल लाइन फटने से मुख्य मार्ग पर जलभराव हो गया। सर्द मौसम में सड़क पर पानी भरने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं इसके चलते करीब आधा दर्जन मोहल्लों में जलापूर्ति भी प्रभावित हुई है।
हालांकि विभागीय अधिकारियोें का कहना है कि जो पाइप फटी है वह पुरानी लाइन थी इसके चलते जलापूर्ति में समस्या नहीं आई है। अभी तक फटी पाइप लाइन सही कराने का काम न शुरू होने से पानी की बहाव जारी है।
नगर पालिका परिषद द्वारा शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए बिछाई गई पानी की पाइप लाइन छाया चौराहे के पास पीडब्लूडी कार्यालय के समीप अचानक फट गई। रविवार की शाम पाइप लाइन फटने से जहां करीब आधा दर्जन मोहल्लों सिविल लाइन, लाजपतनगर, बेगमगंज, मुंशीगंज, नेहरूनगर आदि जगहों में पानी की सप्लाई बाधित हो गई वहीं केडी सिंह बाबू मार्ग पर जलभराव होने से राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
फटी पाइप लाइन को अभी तक सही कराने का काम न शुरू होने के चलते पानी सड़क पर काफी दूर तक जा पहुंचा है। इसके चलते सर्द मौसम में लोग पानी से होकर निकलने को मजबूर है। ईओ एसके सिंह का कहना है कि पुरानी पाइप लाइन अचानक फट गई है लेकिन इससे जलापूर्ति पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। ईओ ने कहा सोमवार की सुबह फटी पाइप लाइन को सही कराने का काम शुरू कराया जाएगा।