बाराबंकी। बड्डूपुर थाना क्षेत्र के शारदा नहर में गिरकर लापता हुई किशोरी को लेकर पुलिस व एसडीआरएफ की टीम बीते तीन दिन से नहर में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। जबकि हकीकत में किशोरी डूबी ही नहीं थी। नाटकीय घटनाक्रम के बाद किशोरी शुक्रवार को घर पहुंच गई। पुलिस ने बताया कि शादी से बचने के लिए ही वह घर राजस्थान चली गई थी। क्योंकि परिवार वाले उसका विवाह एक ऐसे व्यक्ति से करा रहे थे जिसकी पहले भी शादी हो चुकी थी।
27 जनवरी को बड्डूपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 व 07 साल की दो बहनें शौच के लिए गई थी। छोटी बहन ने घर पहुंचकर बताया कि बड़ी बहन पैर फिसलने से शारदा नहर में गिरकर डूब गई है। इसके बाद 28 जनवरी से पुलिस व एसडीआरएफ की टीम नहर में स्टीमर से लापता किशोरी की खोजबीन में जुटी थी। बृहस्पतिवार को को किशोरी के फोन की लोकेशन राजस्थान में मिली तो पुलिस दंग रह गई।
उससे बातचीत करने पर पता चला कि वह अपनी सहेली की मां के साथ राजस्थान में है। पुलिस उसे शुक्रवार को राजस्थान से बाराबंकी लेकर पहुंची। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि किशोरी के चेहरे पर कुछ दाग थे। उसकी शादी की बात तय नहीं हो पा रही थी। माता पिता जबरन उसकी शादी कराना चाह रहे थे। फिलहाल किशोरी घर में है पुलिस ने भी कोई तहरीर न मिलने की बात कही है।