शहर में एक निजी अस्पताल में एक महिला के प्रसव के बाद उसके बच्चे व उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन के सभी डाक्टर व कर्मचारी मौके से भाग निकले। मृतका के परिवारीजनों ने डाक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया जिसके बाद पहुंची पुलिस ने सभी को समझा बुझाकर शांत कराया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में नबीगंज मोहल्ले में स्थित सेवा अस्पताल में ग्राम ढकौली निवासी अर्चना मिश्रा(25) पत्नी अनुज मिश्रा को भर्ती कराया गया था। बृहस्पतिवार को हुए प्रसव के बाद बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद अस्पताल में महिला की हालत भी बिगड़ने लगी और रात में उसने भी दम तोड़ दिया। अस्पताल में जच्चा बच्चा की मौत के बाद सभी डाक्टर व कर्मचारी मौके से भाग निकले। जिसके बाद परिवारीजनोें ने अस्पताल गेट के बाहर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। यह सभी अस्पताल प्रशासन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग कर रहे है। मौके पर पहुंचे शहर कोतवाल शशीकांत मिश्रा ने सभी को समझा बुझाकर शांत करवाया है। कोतवाल ने कहा कि जो तहरीर मिलेगी उसी के आधार पर जांच कर कार्रवाई होगी। मृतका के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।