सतरिख (बाराबंकी)। कस्बा सतरिख के मोहल्ला गढ़ी में बुधवार देर रात संदिग्ध हालात में अरविंद (25) की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे इलाज के लिए सीएचसी ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां पहुंचने से पहले उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पड़ोसियों के अनुसार जुए में हारने के कारण अरविंद अवसाद में चल रहा था।
मोहल्ला गढ़ी निवासी अरविंद कुमार (25) के पिता मैकूलाल की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में मां और दो भाई हैं। भाई मुकेश ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम वह लोग खेत से लौटे तो अरविंद चारपाई पर उल्टियां करते मिले। तबीयत बिगड़ती देख उसे सीएचसी सतरिख लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने जहर खाने की आशंका जताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। अरविंद अविवाहित था।
पड़ोसियों के अनुसार अरविंद को बीते कुछ दिनों से जुआ खेलने की लत लग गई थी। जुआ में हार जाने के कारण वह तनाव में चल रहा था। फिलहाल परिजनों की तरफ से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। सतरिख के एसएचओ डीके सिंह ने बताया कि आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर तय होगी।