टिकैतनगर (बाराबंकी)। नगर पंचायत टिकैतनगर में अतिक्रमण हटाने के नाम पर एक बार फिर महज औपचारिकता निभाई जा रही है। अतिक्रमण के कारण आए दिन लग रहे जाम की परेशानी से छुटकारा दिलवाने के लिए एसडीएम सिरौली गौसपुर प्रीति सिंह ने मुनादी कराकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। शुक्रवार को अधिशासी अधिकारी शीलू अवस्थी की अगुवाई में पुलिस बल के साथ शुरू हुई अतिक्रमण रोधी मुहिम सब्जी मंडी से शुरू होकर नगर पंचायत कार्यालय तक ही सिमट कर रह गई।
नगर के मुख्य चौराहे से लेकर चेयरमैन के आवास, फाटक और बस स्टॉप तक अतिक्रमण की स्थिति जस की तस कायम बनी है। जबकि इन्हीं स्थानों पर सबसे अधिक जाम की समस्या रहती है। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी शीलू अवस्थी ने कहा कि शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने का पहला दिन था, इसलिए कार्रवाई सीमित क्षेत्र में की गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि अन्य क्षेत्रों में भी जल्द ही अभियान चलाया जाएगा।
जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते इससे पहले चला अभियान भी कागजों में सिमटा नजर आया था। नगर पंचायत के जिम्मेदारों ने भले ही उच्च अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने की रिपोर्ट भेज दी हो लेकिन जमीनी हकीकत इससे कोसों दूर नजर आती है। अतिक्रमण हटाने का पूरा अभियान केवल दिखावा मात्र प्रतीत हुआ था।
इलाके के मुख्य मार्गों और बाजारों में अतिक्रमण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने के साथ ही स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण के कारण सड़कें चौड़ी होने की बजाय और संकरी होती जा रही हैं। कई लोगों ने अपने घरों और दुकानों के रैंप नालियों से आगे तक बनवा रखे हैं। इन पर सजी पटरी दुकानों व ठेले खोमचे के कारण पूरे मार्ग पर क्षेत्रीय लोगों को आए दिन घंटों जाम की परेशानी से जूझना पड़ता है।