जैदपुर। कस्बा जैदपुर के मोहल्ला नानपाजान छोटा इमामबाड़ा निवासी मो. आशू (27 वर्ष) का शव बुधवार सुबह कस्बे के कब्रिस्तान में एक पेड़ से पर बने फंदे से लटकता मिला। घटना से पहले युवक की दो पत्नियों में जमकर विवाद हुआ था। पुलिस इसे पारिवारिक कारणों से परेशान होकर आत्महत्या का मामला मान रही है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिर्पोट के आधार पर तय होगी।
पुलिस के अनुसार आशु की पहली शादी छह वर्ष पहले मोहल्ला अहिरान निवासी एक युवती से हुई थी, जिससे उसे एक बेटा और एक बेटी है। इसी साल उसका प्रेम प्रसंग टेरा गांव की एक युवती से हो गया और उसने दूसरी शादी कर ली। आशु दोनों पत्नियों के साथ एक साथ घर पर रहता था। शुरुआत में तो सब कुछ ठीक रहा लेकिन धीरे-धीरे दोनों पत्नियों के बीच विवाद बढ़ने लगा।
मंगलवार की रात किसी बात को लेकर दोनों पत्नियों में जमकर कहासुनी हुई थी। मामला पुलिस चौकी तक जा पहुंचा था। दोनों पत्नियां और परिजन एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे थे। पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराते हुए सभी को घर भेज दिया था। बुधवार सुबह आशु का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कब्रिस्तान में पेड़ पर बने फंदे से लटकता मिला। ग्रामीणों का कहना है कि शव का पैर जमीन को छू रहा था।
जैदपुर के एसएचओ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।