सूरतगंज (बाराबंकी)। मोहम्मदपुर खाला के एक गांव में आठ माह पहले बाढ़ ग्रस्त इलाके में शौच के लिए गई किशोरी के सरयू नदी में डूबने की सूचना परिजनों ने दी थी। एसडीआरएफ व पुलिस ने तीन दिनों तक नदी में रेस्क्यू कर किशोरी की तलाश भी की थी। इसके बाद सभी उसे मृत मान चुके थे। आठ माह बाद किशोरी वापस अपने घर आ गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
15 जुलाई 2024 को मोहम्मदपुर खाला थाना के लालपुर करौता चौकी क्षेत्र के एक गांव की किशोरी के परिजनों ने बताया था कि किशोरी शौच के लिए नदी के पास गई थी मगर इस दौरान मिट्टी धसने से नदी के पानी में जा गिरी और डूब गई। सोमवार शाम को किशोरी अचानक पुलिस चौकी पहुंची। पुलिस ने परिजनों को बुलाकर उसे, उनके सुपुर्द कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि किशोरी गांव के ही युवक के साथ कहीं चली गई थी। लोकलाज से बचने के लिए परिजनों ने उसके डूब जाने की झूठी सूचना पुलिस को दी थी। एसएचओ जगदीश प्रसाद शुक्ला का कहना है कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। लेकिन पुलिस अपने स्तर से छानबीन कर रही है।