बाराबंकी। बड़ेल स्थित लखनऊ पब्लिक इंटर नेशनल स्कूल में काउंसलिंग के लिए आईं अंतरजनपदीय शिक्षिक?
- फोटो : BARABANKI
बाराबंकी। विद्यालयों के ऑनलाइन आवंटन की मेरिट सूची में भारी खामियों पर शिक्षक भड़क उठे। स्कूल और शिक्षकों की मेरिट सूची पर खामियों की शिकायत डीएम से लेकर शासन तक की गई। शिक्षा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। एसडीएम सदर मौके पर जांच करने पहुंचे पर कोई हल न निकलने पर आवंटन प्रक्रिया रोक दी गई।
अधिक भारांक वाले शिक्षक मेरिट सूची में नीचे थे तो कम वालों को ऊपर जगह मिलने की शिकायत पर एनआईसी द्वारा तैयार सूची की खामियों को दूर कराने का प्रयास किया गया। लंबी कसरत के बाद सफलता नहीं मिली। आवंटन प्रक्रिया शनिवार की जाएगी।
शुक्रवार को अंतरजनपदीय तबादले से जिले में आए शिक्षकों को ऑनलाइन विद्यालय के आवंटन को लेकर प्राथमिक विद्यालय के 231 शिक्षकों को सुबह नौ बजे व उच्च प्राथमिक विद्यालय के 151 शिक्षकों को अपराह्न दो बजे पब्लिक इंटरनेशनल स्कूल में बुलाया गया था। सुबह नौ बजे से शुरू होने वाली आवंटन प्रक्रिया के एक घंटे पहले ही शिक्षक अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे, तो कॉलेज गेट पर शिक्षकों की मेरिट व 129 विद्यालयों सूची चस्पा की गई।
ऐसे में मेरिट सूची में अपना क्रमांक देखा तो पता चला कि उनसे कम मेरिट वाले शिक्षकों का नाम सूची में उनसे ऊपर है तो कई शिक्षकों के नाम तक सूची में गायब थे। सूची में दिव्यांग शिक्षक भी शामिल थे। मेरिट सूची के खामियों से भरे होने को लेकर शिक्षक भड़क गए। सूचना डायट प्राचार्य व डीआईओएस राजेश कुमार वर्मा को मिली तो उन्होंने प्रक्रिया रोक दी। इसके बाद छानबीन शुरू कराई तो शिक्षकों की शिकायत सही पाई गई। ऐसे में एनआईसी द्वारा उपलब्ध कराई गई खामियों के संबंध मे उच्चाधिकारियों से बात की गई।
वहीं डीएम से शिकायत के बाद एसडीएम सदर अभय पाण्डेय भी मौके पर पहुंचे। इस बीच शिकायत करने वाले शिक्षकों से ब्योरा लेकर उसकी जांच की तो उनका आरोप सही मिला। वहीं दो बार एनआईसी ने सूची तो उपलब्ध कराई पर खामियां दूर नहीं हुई। जिसको लेकर लंबे इंतजार व शिक्षकों के आक्रोश को देखते हुए डीआईओएस ने आवंटन प्रक्रिया टाल दी और शिक्षकों को वापस जाने को कहा गया है। अब शनिवार को शिक्षकों को विद्यालय आवंटन किया जाएगा।
शिक्षकों की मेरिट सूची में खामियां होने को लेकर विद्यालय आवंटन प्रक्रिया निरस्त की गई है। संशोधित सूची मिली है। जिसका मिलान किया जा रहा है। शनिवार को प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों को विद्यालय आवंटित किया जाएगा।
-राजेश कुमार वर्मा, डीआईओएस