बाराबंकी। नगर पालिका परिषद राजस्व वसूली के लिए शहर के विभिन्न मोहल्लों में अलग-अलग तिथियों में कैंप लगाएगी। शहरी उपभोक्ता अपना जलकर, गृहकर, किराया आदि कैंप में जमा कर सकेंगे। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए वार्डवार कैंप लगाए जाएंगे। नगर पालिका के अधिकारियों की देखरेख में कैंप निर्धारित स्थल पर सुबह दस बजे से अपराह्न दो बजे तक संचालित किया जाएगा।
कैंप आयोजन तिथि के दिन व दो दिन पूर्व संबंधित वार्ड में रिक्शे से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। कर निर्धारण अधिकारी द्वारा निरीक्षण भी किया जाएगा। कर संबंधी जानकारी के लिए कैंप में अधिकारी मौजूद रहेंगे जो उपभोक्ताओं की समस्याओं का निवारण कर संबंधित जानकारी देंगे। बकायेदारों की कंप्यूटराइज्ड सूची उपलब्ध रहेगी। इसमें भवन स्वामी टैक्स धनराशि देखने के बाद जमा कर सकेंगे। अधिशासी अधिकारी वीके श्रीवास्तव का कहना है कि भवन स्वामियों की सुविधा के लिए वार्डवार कैंप लगाए जा रहे हैं। सभी वार्डों में कैंप लगाए जाएंगे।