सफेदाबाद (बाराबंकी)। एक संविदाकर्मी का शव उसके घर में कमरे के अंदर पंखे में फंदे से लटकता मिला है। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दारापुर गांव निवासी मनीष कुमार वर्मा उर्फ श्यामू (25) ने बुधवार रात आत्महत्या कर ली। परिवारीजनों ने बताया कि श्यामू पावर कॉर्पोरेशन में संविदा पर कार्यरत था। बुधवार को ड्यूटी से आने के बाद वह घर की दूसरी मंजिल पर स्थित अपने कमरे में चला गया। इसके बाद बृहस्पतिवार की सुबह जब काफी देर तक उसका कमरा नही खुला तो उसको कई आवाजें दी गईं, लेकिन दरवाजा नहीं खुला।
अनहोनी की शंका पर दरवाजा तोड़ा गया। जैसे ही दरवाजा टूटा श्यामू का शव छत के पंखे से लटक रहा था। यह दृश्य देखते ही घर में कोहराम मच गया। मृतक के एक भाई व एक बहन है जो विवाहित हैं। पिता खेती करते हैं। कोतवाल पंकज सिंह का कहना है कि पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।