बाराबंकी। विधानपरिषद सदस्य के चुनाव को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। नौ अप्रैल को मतदान के बाद 12 अप्रैल को मतगणना होगी। इसके लिए कलेक्ट्रेट के डीआरडीए सभागार को स्ट्रांग रूम के लिए चिह्नित किया गया है। ऐसे में यहां संचालित कई विभागों के कार्यालय तीन दिन तक बंद रहेंगे। मतों की गिनती पांच टेबलों पर होगी। इसके लिए प्रत्येक टेबल पर चार-चार कार्मिक लगाए गए हैं।
विधानसभा चुनाव के बाद अब जिला प्रशासन एमएलसी चुुनाव को संपन्न कराने में जुटा हुआ है। निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नौ अप्रैल की तिथि पर 15 ब्लॉक मुख्यालयों पर मतदान कराया जाएगा जबकि 12 अप्रैल को मतों की गणना होगी। बैलेट पेपर से मतदान के बाद सीलबंद मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा में कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखवाया जाएगा।
इस बीच पूरे कलेक्ट्रेट परिसर की कड़ी चौकसी की जाएगी। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा। ऐसे में मतदान के बाद 10, 11 और 12 अप्रैल को तीन दिनों तक यहां संचालित सीडीओ कार्यालय समेत मनरेगा और ग्राम्य विकास विभाग के कार्यालय पूरी तरह से बंद रहेंगे।
एमएलसी चुनाव में 2854 जनप्रतिनिधि मतदाताओं द्वारा मतदान किया जाएगा। बैलेट पेपर से होने वाली मतों की गिनती के लिए पांच टेबल लगाए जाएंगे। एक टेबल पर तीन ब्लॉकों की गिनती कराई जाएगी। इसके लिए हर टेबल पर चार-चार प्रशिक्षित कर्मचारियों को लगाया गया है।
एमएलसी चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं। डीआरडीए में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। मतों की गिनती के लिए पांच टेबल लगाए जाएंगे। इसे लेकर तीन दिनों तक यहां चल रहे कार्यालय बंद रहेंगे।
-डॉ. राजेश कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी