गनेशपुर में प्रशिक्षण प्राप्त करते शिक्षक ।
बाराबंकी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में संवैधानिक एवं मानवीय मूल्यों पर आधारित तीन दिवसीय प्रशिक्षण मंगलवार से शुरू हुआ। यह प्रशिक्षण 11 दिसंबर तक चलेगा। इसका उद्देश्य शिक्षकों में संवैधानिक चेतना, मानवीय मूल्यों और नई शिक्षा नीति के अनुरूप शैक्षिक दृष्टिकोण का विकास करना है।
प्राचार्य अमित कुमार यादव के निर्देशन में शुरू हुए प्रशिक्षण में जिले के उच्च प्राथमिक विद्यालयों, केजीबीवी और माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। पहले दिन दो बैचों में कुल 200 शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रथम सत्र में नोडल प्रवक्ता सुकेश रंजन श्रीवास्तव ने संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक आदर्शों और मानवीय मूल्यों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने शिक्षकों को बताया कि विद्यालयों में बच्चों के चरित्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने में इन मूल्यों की क्या भूमिका है।
द्वितीय सत्र में प्रशिक्षक राहुल सिंह सूर्यवंशी ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में मानवीय मूल्यों के समावेश पर विशेष प्रशिक्षण दिया। बताया कि कैसे शिक्षक शिक्षा प्रणाली में मानवीय आधार, सहानुभूति, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को विकसित कर सकते हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में आरपी यादव, अमित कुमार राय, आनंद यादव, लालचंद, जितेंद्र कुमार सोनकर, महेंद्र कुमार, शिखा साहू आदि मौजूद रहे। प्राचार्य अमित कुमार यादव ने कहा कि यह प्रशिक्षण शिक्षकों को न केवल विषय ज्ञान में दक्ष बनाएगा, बल्कि उन्हें आदर्श शिक्षक बनने की दिशा में भी प्रेरित करेगा।