बाराबंकी। जिले के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। हैदराबाद-गोरखपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के संचालन अवधि में विस्तार कर दिया गया है। इससे बाराबंकी से सीधे हैदराबाद तक सफर और आसान हो जाएगा। गर्मी के सीजन में बाहर काम करने वाले मजदूर, छात्र और परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
यह गाड़ी हैदराबाद से तीन, 10, 17 व 24 अप्रैल दिन शुक्रवार को चलेगी। जबकि गोरखपुर से पांच, 12, 19 व 26 अप्रैल दिन रविवार को हैदराबाद के लिए प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर दोनों दिशाओं में ठहराव करेगी। हैदराबाद से आने वाली ट्रेन रात करीब 2:05 बजे बाराबंकी पहुंचेगी जबकि गोरखपुर से हैदराबाद जाते समय 12:10 बजे बाराबंकी से रवाना होगी।
ट्रेन में कुल 22 आधुनिक कोच लगाए गए हैं, जिनमें एसी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के डिब्बे शामिल हैं। इससे सफर पहले से अधिक सुरक्षित और आरामदायक होगा। बाराबंकी रेलवे स्टेशन के अधीक्षक अरुण रायजादा ने बताया कि गर्मी में ट्रेनों के अंदर होने वाली भीड़ से राहत देने के लिए रेलवे समर स्पेशल ट्रेन संचालित कर रहा है।