सूरतगंज के रंजीतपुर गांव में रबी कृषि गोष्ठी में मौजूद किसान। संवाद
फतेहपुर (बाराबंकी)। विकास खंड सूरतगंज के ग्राम रंजीतपुर स्थित आश्रम में कृषि सूचना तंत्र का सुदृढ़ीकरण योजना के तहत विकासखंड स्तरीय रबी कृषि निवेश मेला का आयोजन हुआ। विधायक कुर्सी साकेंद्र प्रताप वर्मा ने मेले का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उर्वरकों का संतुलित उपयोग करते हुए जैविक एवं प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने की आवश्यकता है ताकि हमारे फसलों से प्राप्त उत्पादों की गुणवत्ता में वृद्धि हो सके। किसानों से अपील की कि पराली कदापि न जलाएं बल्कि उसे खेत में ही सड़ाकर खाद बनाएं।
इससे पहले उप कृषि निदेशक श्रवण कुमार ने रबी में बोई जानी वाली उन्नतशील प्रजातियों के बारे में बताते हुए कहा कि सीडड्रिल के माध्यम से गेहूं की लाइन सोइंग की जाए ताकि किसानों को अधिक पैदावार मिल सके।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी विजय कुमार ने रबी की फसलों में लगने वाले रोगों, उनसे बचाव हेतु कीटनाशकों के बारे में जानकारी दी। किसान भाइयों से अपील की गई कि भूमि शोधन एवं बीज शोधन अनिवार्य रूप से करा लें ताकि फसलों को रोगों से बचाया जा सके। पशु चिकित्साधिकारी ने मौसम के बदलाव से पशुओं में होने वाले रोगों एवं उनके निदान के बारे में बताया।