फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: सहावर विद्यालय में फिर दिखा सांप, बच्चों में दहशत

Sat, 01 Aug 2026 02:00 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
सहावर विद्यालय में फिर दिखा सांप, बच्चों में दहशत
विज्ञापन
बाराबंकी। प्राथमिक विद्यालय सहावर में शुक्रवार को एक बार फिर सांप निकलने से विद्यार्थियों और शिक्षकों में दहशत फैल गई। 27 जुलाई को इसी विद्यालय में सांप के काटने से कक्षा तीन के छात्र अंशू (8) की मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद से अभिभावकों में भय का माहौल है और बच्चों की विद्यालय में उपस्थिति भी लगातार कम बनी हुई है।
विज्ञापन

शुक्रवार को विद्यालय में पंजीकृत 85 छात्रों में से केवल 30 बच्चे ही पढ़ाई के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान विद्यालय परिसर में शौचालय के पास एक सांप दिखाई दिया। सूचना मिलते ही प्रधानाध्यापक सुरेंद्र कुमार ने रायबरेली जिले के हलोर से एक सपेरे को बुलाया। सपेरे ने काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया और उसे जंगल में छोड़ दिया।
सांप निकलने की सूचना के बाद विद्यालय में अफरातफरी का माहौल बन गया। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) के निर्देश पर विद्यालय की समय से पहले छुट्टी कर दी गई। प्रधानाध्यापक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सपेरे के अनुसार पकड़ा गया सांप जहरीली प्रजाति का नहीं था, इसलिए उससे जान का खतरा नहीं था।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि 27 जुलाई को जिस सांप ने छात्र को काटा था, वह संभवतः अत्यधिक विषैला था। उन्होंने वन विभाग को भी सूचना दे दी है, ताकि विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र की जांच कर संभावित जहरीले सांपों को पकड़ा जा सके।
लगातार दूसरी बार विद्यालय में सांप निकलने की घटना ने अभिभावकों की चिंता और बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विद्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई और वन विभाग की निगरानी जरूरी है। अभिभावकों ने प्रशासन से विद्यालय परिसर को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

सहावर विद्यालय में फिर दिखा सांप, बच्चों में दहशत

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें