बाराबंकी। हरियाणा से अवैध शराब की तस्करी के मामले फरार चल रहे दो आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। बताते चलें कि बीते 26 जुलाई को शहर कोतवाली पुलिस ने बड़ेल इलाके के एक गोदाम से एक ट्रक हरियाणा ब्रांड की अवैध शराब बरामद की थी।
शराब बरामदगी के बाद पुलिस ने छह लोगों को जेल भेजा था। लेकिन इसी मामले में दो अन्य आरोपी सूरज जायसवाल व मनोज जायसवाल अभी तक फरार चल रहे हैं। अब एसपी आकाश तोमर के द्वारा इन दोनों आरोपियों के खिलाफ 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस विभाग के विश्वस सूत्र बताते है कि इनमें से सूरज जायसवाल नाम के कई लोगों को पुलिस ने दो दिन पूर्व उठाया था जिसमें मुख्य आरोपी पुलिस को मिल गया है। हालांकि अभी तक इस बात की पुष्टि अधिकारिक तौर पर नहीं की जा रही है।
एएसपी आरएस गौतम ने बताया कि शराब तस्करी में फरार दोनों आरोपियों के खिलाफ 25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया है।
भले ही पुलिस अवैध शराब की तस्करी करने वाले आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई कर रही हो लेकिन इसके बावजूद जिले में फैले इस कारोबार के रैकेट पर रोक नहीं लग पा रही। इसी का नतीजा है कि आए दिन कहीं न कहीं हरियाणा ब्रांड की शराब भी बरामद हो रही है।
बीते माह रामसनेहीघाट में भी पुलिस ने एक सफारी कार से भारी मात्रा में हरियाणा की शराब पकड़ी थी। लेकिन इसके बावजूद इस मामले से जुड़े आरोपी अभी तक पुलिस पकड़ में नहीं आ सके है।