बाराबंकी जिला अस्पताल में दवा लेने के लिए कतार में खड़े मरीज। -संवाद
बाराबंकी। तेज बुखार और डेंगू जैसे लक्षण मिलने पर सोमवार को सात मरीजों की जांच कराई गई। इनके ब्लड का नमूना लेकर एलाइजा जांच के लिए भेजा गया। इसके अलावा ओपीडी में जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा रही। ओपीडी में करीब 1490 मरीज देखे गए।
दिवाली के अवकाश के बाद खुले जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की खासी भीड़ रही। टोकन बनवाने से लेकर डॉक्टर को दिखाने और दवाई लेने में मरीजों को पसीना छूट गया। इस दौरान हैप्पी, हृदयराम, बाबादीन, शंभू, प्रताप, कृष्ण कुमार और निशांत को तेज बुखार और डेंगू जैसे लक्षण दिखने पर इनका ब्लड का नमूना लेकर एलाइजा जांच के लिए भेजा गया।
दवा लेने आए रामकुमार, हरीशंकर, नौमीलाल व गनेश प्रसाद आदि ने बताया कि एक सप्ताह से जुकाम और बुखार से परेशान हैं। सुबह नौ बजे आकर लाइन में लग गए लेकिन एक बजे दवा मिली। सीएमएस डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि सोमवार को ओपीडी में 1490 मरीज देखे गए। मौसम में बदलाव की वजह से सर्दी, जुकाम और बुखार के मरीज सबसे ज्यादा आ रहे हैं।