जहांगीराबाद (बाराबंकी)। चुनावी रंजिश में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस घटना में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि करीब आधा दर्जन हथगोला दागकर गांव में दहशत का माहौल पैदा किया गया। मामले की जानकारी पर पुलिस ने जांच शुरू की है।
मामला थाना जहांगीराबाद के बेरिया गांव का है। यहां बीते कई महीनों से पंचायत चुनाव को लेकर दो गुटों में जबरदस्त तनाव चल रहा है। इसको लेकर प्रशासन भी काफी परेशान रहा। बैठकों के जरिये लोगों को समझाने के बाद भी हालात बेकाबू रहे। ग्रामीणों के मुताबिक, मंगलवार की सुबह आतिशबाजी कर रहे एक पक्ष से दूसरे ने कहा कि थोड़ा आगे बढ़ जाओ, हमारे जानवर भड़क रहे हैं। इस पर दूसरे पक्ष नाराजगी व्यक्त करते हुए अभद्रता पर आमादा हो गया। लोगों के मुताबिक एक पक्ष ने दूसरे के घर में घुसकर महिलाओं, युवतियों व बच्चों से मारपीट की।
लोगों के मुताबिक दबंगों ने अपना वर्चस्व कायम करने के लिए ताबड़तोड़ कई हथगोला फेंककर दहशत पैदा कर दी गयी। इस हमले में एक पक्ष से रईसा, रौशन जहां, गुलनाज, सलमान, शाहरुख, सबीना बानो, वसीम गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी का इलाज चल रहा है। इस घटना में दूसरे पक्ष से वसीम, हसीब, लतीफ, महफूज और मुजीब जिलानी के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। एसओ दर्शन यादव का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।