कोटवाधाम। बरौलिया साधन सहकारी समिति पर खाद वितरण में बाधा आई। ई-पॉस मशीन का सर्वर बाधित होने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गईं। इस सीजन में पहली बार समिति खुलने की जानकारी पर बड़ी संख्या में किसान खाद लेने पहुंच गए।
समिति पर डीएपी और यूरिया की खेप पहुंचने की जानकारी मिलने पर खाद लेने के लिए बाहर किसानों की लंबी कतार लग गई। शुरुआत में कुछ देर तक वितरण हुआ, लेकिन इसके बाद सर्वर की समस्या शुरू हो गई। इससे बार-बार खाद वितरण रोकना पड़ा। कई किसानों को बिना खाद लिए ही मायूस होकर लौटना पड़ा।
बरौलिया गांव की बहुउद्देशीय सहकारी समिति से सरयू नदी के किनारे बसे किसानों को खाद मिलती है। इस सीजन में अब तक समिति पर ताला लगा हुआ था। किसानों की इस समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
शुरुआत में कुछ किसानों को खाद मिली, लेकिन थोड़ी देर बाद ई-पॉस मशीन में सर्वर की समस्या आ गई। इससे वितरण पूरी तरह ठप हो गया। बीच-बीच में सर्वर चलने पर खाद बांटी गई। किसान राममिलन, देशराज, अंकित और लालबहादुर ने आरोप लगाया कि सर्वर चलने के दौरान सचिव ने अपने चहेते लोगों को पहले खाद दी।
एसडीएम सिरौलीगौसपुर अनिल कुमार सरोज ने बताया कि समिति पर नेटवर्क की समस्या के कारण खाद वितरण में बाधा आई है। अन्य समितियों पर खाद का वितरण सुचारु रूप से कराया गया है।