मेलारायगंज बीज भंडार केंद्र पर बीज के इंतजार में बैठे किसान और महिलाएं
सिरौलीगौसपुर। राजकीय बीज भंडार मेला रायगंज पर मंगलवार को किसानों को बीज वितरण में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गेहूं, सरसों, मटर, चना और मसूर के बीज लेने के लिए सुबह से शाम तक लंबी कतारें लगी रहीं। सर्वर धीमा होने के कारण बीज वितरण बाधित रहा, जिससे किसान परेशान रहे।
अलीनगर की रामावती, मरौचा की दुलारा और रूपऊपुर की सिया रानी ने अपनी परेशानी बताई। उन्होंने कहा कि वे सुबह 11 बजे से लाइन में खड़ी थीं, लेकिन शाम तक भी उन्हें बीज नहीं मिल पाया। थककर कई किसान जमीन पर ही बैठ गए। नसीमापुर के मायाराम और बाराती, मरौचा के अरुण और रामराज समेत अन्य किसानों ने भी अपनी परेशानी बताई। पूछने पर उन्हें सर्वर न चलने की जानकारी दी गई। एडीओ एजी रंजीत कुमार ने बताया कि पोर्टल का सर्वर धीमा चल रहा है। इसी वजह से बीज वितरण में दिक्कतें आ रही हैं और किसानों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।