बाराबंकी। बिना फिटनेस बस में छात्रों को ढोते पाए जाने पर यात्री मालकर अधिकारी ने सतरिख थाने में वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एआरएटीओ प्रशासन द्वारा तीन दिन का समय दिए जाने के बाद भी स्कूल संचालकों ने 315 स्कूली वाहनों का फिटनेस प्रमाण पत्र जारी नहीं कराया। मंगलवार को स्कूली वाहनों का चेकिंग अभियान चलाया गया।
सतरिख क्षेत्र में यात्री व मालकर अधिकारी उमाशंकर मिश्र ने एक स्कूली वैन को रोक लिया। जांच में वाहन का फिटनेस, प्रदूषण प्रमाणपत्र नहीं पाया गया। बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चालक कई नियमों का उल्लंघन कर वाहन में स्कूली बच्चों को ले जा रहा था। अधिकारियों ने वाहन को सीज कर दिया। पीटीओ की तहरीर पर वाहन चालक दिनेश कुमार खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
इस कार्रवाई के बाद स्कूल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। एआरटीओ पंकज सिंह ने बताया कि 10 स्कूली वाहनों का चालान किया गया। नोटिस जारी करने के बाद करीब 80 वाहनों का फिटनेस कराया गया। यह अभियान लगातार चलेगा। नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूली वाहनों के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद