बाराबंकी। जिले के स्कूल और कॉलेजों के छात्रों को बायोमीट्रिक हाजिरी लगाना अब अनिवार्य होगा। अगर विद्यार्थी ऐसा नहीं करेंगे तो उनकी छात्रवृत्ति इस साल नहीं आएगी। वहीं शिक्षण संस्थाओं को हाजिरी लगवाने के लिए बायोमीट्रिक डिवाइस लगाने के साथ विद्यार्थियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड समाज कल्याण विभाग में जमा करना होगा। इसका सत्यापन होने के बाद ही छात्रों को छात्रवृत्ति मिल पाएगी। शासन स्तर से यह आदेश समाज कल्याण विभाग को जारी किए जाने के बाद डीएम की अध्यक्षता में इसकी बैठक कराने की तैयारी की जा रही है।
जिले के 358 शिक्षण संस्थाओं के करीब डेढ़ लाख छात्र-छात्राओं को प्रति वर्ष छात्रवृत्ति का लाभ मिलता है। मगर कई जिलों में फर्जीवाड़ा होने के बाद शासन द्वारा नियमों में बदलाव किया गया है। अबं सभी शिक्षण संस्थाओं को जहां बायोमीट्रिक डिवाइस लगाकर छात्र-छात्राओं की हाजिरी दर्ज करानी होगी वहीं इसका रिकॉर्ड समाज कल्याण विभाग में देना होगा। हाजिरी के सत्यापन के बाद छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाएगा। शासन स्तर में जारी आदेश में 75 फीसदी उपस्थिति अनिवार्य होने की बात कही गई है।
समाज कल्याण विभाग के कार्यालय में आए इस आदेश के बाद जल्द ही सभी शिक्षण संस्थाओं के साथ जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक कराने की तैयारी की जा रही है। इस नई व्यवस्था को चालू शैक्षिक सत्र में लागू कर दिया गया है। आधार बेस उपस्थिति प्रत्येक संस्था को हर माह छात्रवृत्ति पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। यह जिम्मेदारी संस्था की होगी। लापरवाही पर संस्था के विरुद्ध कार्रवाई की बात कही गई है। जिला समाज कल्याण अधिकारी एसपी सिंह ने बताया कि इस संबंध में आदेश मिल गया है। जल्द ही डीएम की अध्यक्षता में शिक्षण संस्थानों की बैठक कराई जाएगी।
शिक्षण संस्थाओं में ऑफलाइन होती है हाजिरी
जिले में करीब सवा सौ उच्च दर्जे के शिक्षण संस्थान हैं जबकि दो सौ से अधिक इंटर कॉलेज हैं। इन सब में ऑफलाइन हाजिरी ही होती है। शायद ही किसी संस्थान में बायोमीट्रिक के जरिए छात्र-छात्राओं की हाजिरी ली जाती हो। मगर अब छात्रवृत्ति में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए सभी को बायोमीट्रिक उपकरण अनिवार्य हो गया है।
सुधार का मिलेगा मौका
प्रति माह 75 फीसदी हाजिरी होने की बाध्यता के बाद अगर कोई छात्र किसी कारणवश कॉलेज या स्कूल नहीं जा पाता है और उसके सामने बीमारी सहित अन्य कोई समस्या आती है तो इसके लिए उसे मौका भी दिया जाएगा। प्रत्येक माह फीडिंग होने से उसे अपनी हाजिरी बढ़ाने के लिए चेतावनी दी जाएगी। साथ ही उसे अवगत कराया जाएगा कि चालू सत्र में उसकी अब तक कितनी हाजिरी हुई है।