कोटवाधाम। उफान पर पहुंची सरयू नदी का जलस्तर अब तेजी से कम होता जा रहा है। सोमवार शाम नदी का जलस्तर 105.760 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो खतरे के निशान 106.070 मीटर से 31 सेंटीमीटर नीचे है। लगातार घट रहे जलस्तर और थमी कटान से तटीय गांवों के लोगों ने राहत महसूस की है।
तीन दिन पहले सरयू खतरे के निशान से 15 सेंटीमीटर ऊपर बह रही थी। नदी का पानी बढ़ने से सनावा और टेपरा गांव के पास तेजी से कटान होने के साथ ही नदी का पानी कहरनपुरवा गांव के मुहाने तक पानी पहुंच गया था। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। अब जलस्तर घटने के साथ ही कटान की रफ्तार भी काफी कम हो गई है। बाहरी बैराजों से नदी में छोड़े जा रहे पानी की मात्रा में कमी आने का असर सरयू के जलस्तर पर दिखाई दे रहा है। हालांकि सोमवार को करीब 1.71 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। एसडीएम सिरौलीगौसपुर अनिल कुमार सरोज ने बताया कि सरयू का जलस्तर लगातार घट रहा है। फिलहाल खतरे की स्थिति नहीं है। तटीय क्षेत्रों में निगरानी जारी है।