बाराबंकी में बुधवार को भाजपा कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन करते सराफा व्यापारी।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्र सरकार द्वारा लगाए गए एक प्रतिशत उत्पाद कर के विरोध में सराफा व्यापारियों का प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। व्यापारियों ने भाजपा कार्यालय के बाहर पहुंचकर केंद्रीय वित्तमंत्री व पीएम मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
व्यापारियोें ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही उनकी मांगों का निस्तारण न हुआ तो वह रेल रोककर धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
सराफा व्यापारी व कारीगरोें ने बुधवार को घंटाघर के पास धरना से जुलूस निकालकर केेंद्र के खिलाफ नारेबाजी करना शुरू की। व्यापारी कह रहे थे कि यदि लोकसभा चुनाव में भाजपा का साथ न दिया जाता तो कभी मोदी सरकार न बनती और व्यापार पर इस तरह का कर भी न लगाया जाता।
इसके बाद नगर पालिका मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय का घेराव करते हुए बाहर पहुंचे सराफा व्यापारियों ने मोदी सरकार व वित्तमंत्री अरुण जेटली के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रकट किया।
कमेटी के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सोनी ने कहा कि लगातार 29 दिन से व्यापारी हड़ताल पर हैं लेकिन केंद्र सरकार को यह दिखाई नहीं दे रहा है। जिला महामंत्री अनिल रस्तोगी ने कहा कि अब व्यापारी उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
व्यापारियों ने कहा यदि समय रहते उनकी मांगों पर विचार कर उन्हें पूर्ण न किया गया तो ट्रेन रोककर व हाईवे जामकर धरना प्रदर्शन होगा। इस मौके पर सुनील त्रिवेदी, शशीशेखर गुप्ता, मनमोहन गुप्ता, संदीप बाथम, विकास गुप्ता, आशीष गुप्ता, वीरेंद्र वर्मा, दिलीप सोनी, अतुल रस्तोगी आदि व्यापारी मौजूद रहे।