बाराबंकी। मौरंग लदे ट्रकों से सड़क पर लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के साथ ही सड़क को टूटने से बचाने के लिए जिले में चार अलग लेन (ले बाई) का निर्माण किया जाएगा। बाराबंकी से हैदरगढ़-बछरांवा मार्ग तक विभिन्न स्थानों पर इसका निर्माण होगा। लोडेड ट्रक इन्हीं लेन पर खड़े किए जाएंगे। इस काम में करीब ढाई करोड़ रुपये खर्च होने जा रहे हैं।
जिले में मौरंग लेकर आने वाले ट्रक कई जगह पर खड़े होते हैं। बाराबंकी से हैदरगढ़ व हैदरगढ़ से बछरावां मार्ग पर इन ट्रकों के खड़े होने से जाम के हालात पैदा होते हैं। इतना ही नहीं सड़कों पर दबाव ज्यादा बढ़ने के कारण सड़कें भी जल्दी क्षतिग्रस्त होती हैं। खासकर बाराबंकी-हैदरगढ़ मार्ग पर बड़ेल से लेकर ओवरब्रिज के पास तक रोजाना सैकड़ों ट्रक मौरंग लेकर आते हैं। इससे जाम के साथ हादसे का खतरा बना रहता है। इसी को लेकर लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड ने सर्वे किया था और इसका प्रस्ताव शासन को भेजा गया था।
इसके बाद चार स्थानों पर ट्रक लेन (ले बाई) के निर्माण को मंजूरी मिली। जेई सुभाष चंद्र के अनुसार, पहली लेन शहर से बाहर ओवरब्रिज के पास बाराबंकी-हैदरगढ़ मार्ग पर, दूसरी इसी मार्ग पर भानमऊ के पास, तीसरी कोठी क्षेत्र में मीरापुर गांव के पास और चौथी हैदरगढ़ से बछरावां मार्ग पर चीनी मिल के पास बनाई जाएगी।
एक लेन के निर्माण पर करीब साढ़े 62 लाख रुपये तो चारों के निर्माण पर ढाई करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। आरसीसी से बनने वाली एक लेन साढ़े पांच मीटर चौड़ी तो करीब 200 मीटर लंबी होगी। ट्रक इन्हीं पर खड़े होंगे। इसी सप्ताह लेन की निर्माण गति पकड़ लेगी।
चार स्थानों पर लोडेड ट्रक के लिए लेन का निर्माण जल्द ही शुरू करा दिया जाएगा। इससे जाम से मुक्ति मिलने के साथ ही सड़क की सुरक्षा भी हो सकेगी। इनके निर्माण में ढाई करोड़ रुपया खर्च होगा।
-आरके राम, अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड