बाराबंकी। तेज आंधी और बारिश के साथ मंगलवार शाम मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ गया। किसानों की तैयार फसल खेतों में खड़ी है। ऐसे में बारिश से गेहूं और सरसों की फसलों को अधिक नुकसान होने की आशंका है।
किसानों का कहना है कि तेज हवाओं के चलते खेतों में खड़ी गेहूं की फसल गिर गई है और कटी पड़ी फसल के उड़ जाने तथा बालियों के भीग जाने से काफी नुकसान हो रहा है। भीगने से गेहूं के दाने काले पड़ जाएंगे और उत्पादन पर भी इसका असर पड़ेगा। खेतों में कटी पड़ी सरसों की फसल भी बर्बाद हो रही है। किसानों का कहना है कि हर दूसरे और तीसरे दिन बारिश हो रही है, इससे फसल को घर लाने में भी दिक्कतें हो रही हैं।
फसलों के भीग जाने से उनके कटाई और मड़ाई भी बाधित हो रही है, क्योंकि पौधों के भीग जाने के कारण नमी आ जाती है। इसकी वजह से मड़ाई का कार्य नहीं हो पाता है। जिला कृषि अधिकारी राजित राम का कहना है कि बारिश से फसलों को जो नुकसान हुआ है, उसका राजस्व और कृषि विभाग की ओर सर्वे चल रहा है। पूरी रिपोर्ट मिलते ही शासन को भेज दी जाएगी।