बाराबंकी। शहर के रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम शुरू हो गया है। 30 अक्टूबर तक स्टेशन परिसर में 60 सीसीटीवी कैमरे लग जाएंगे। इसके बाद स्टेशन आने-जाने वालों की निगरानी आसान हो जाएगी।
अतिसंवेदनशील श्रेणी में शामिल शहर के रेलवे स्टेशन का बुधवार शाम दिल्ली से आई एक टीम ने जायजा लिया। प्लेटफार्म, यात्री विश्रामालय, कार्यालय आदि का निरीक्षण करने के बाद परिसर में कैमरे लगाने के लिए स्थान चिन्हित किए। तय स्थानों पर एक कंपनी करीब 60 सीसीटीवी कैमरे लगाएगी। स्टेशन पर कैमरे लगने से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। स्टेशन आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर पुलिस पैनी नजर रख सकेगी। इसके लिए स्टेशन परिसर में एक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। स्टेशन अधीक्षक विनय शुक्ला ने बताया कि दिल्ली से आई टीम ने कैमरे लगाने के बारे में पड़ताल की। इसके साथ काम शुरू हो गया। 30 अक्टूबर तक स्टेशन परिसर में 60 सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य पूरा हो जाएगा।